बैरागीवाला हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी सफलता, मुख्य आरोपी अमन समेत 3 और गिरफ्तार
देहरादून | भारत केसरी
सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमन सहित तीन अभियुक्तों को हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 13 जून 2026 को बैरागीवाला गांव में खेत में पानी छोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया था। आरोप है कि एक पक्ष के 30-40 लोगों ने दूसरे पक्ष के तीन लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी।
घटना के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर सहसपुर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने कई पुलिस टीमों और एसओजी को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया था।
पुलिस इससे पहले इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। ताजा कार्रवाई में मुख्य आरोपी अमन, सावेज और आजम को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही इस हत्याकांड में अब तक कुल 9 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
दून पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
