देहरादून में कचरा प्रबंधन पर सख्त हुए डीएम, अवैध डंपिंग और मानकविहीन प्लांटों पर कार्रवाई के निर्देश
देहरादून ,भारत केसरी
देहरादून: जनपद में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने नगर निगम, नगर पालिकाओं, जिला पंचायत, छावनी परिषद और सभी उप जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त देहरादून के लक्ष्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित अवैध कचरा डंपिंग स्थलों और बल्क वेस्ट जनरेटरों का चिन्हांकन कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बायो-रिमेडिएशन प्लांटों और सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग साइटों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली की जांच करने के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि जो प्लांट निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ऋषिकेश, विकासनगर और देहरादून सहित जनपद की सभी सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग साइटों पर लीगेसी वेस्ट के निस्तारण कार्यों की दो दिनों के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि अनधिकृत वाहनों से कचरे का परिवहन नहीं होना चाहिए, ताकि नई अवैध डंपिंग साइटें न बनें। साथ ही सभी निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों का फोटोग्राफ सहित विस्तृत प्रेजेंटेशन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिससे कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की प्रभावी समीक्षा की जा सके।

