‘ऑपरेशन प्रहार’ में दून पुलिस की बड़ी कामयाबी, 3 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार; 8 दोपहिया वाहन और एक्टिवा के पार्ट्स बरामद
देहरादून:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 8 दोपहिया वाहन और 2 एक्टिवा स्कूटी के कटे हुए पार्ट्स बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के बाद विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों की निगरानी के बाद कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ऐसे करते थे वाहन चोरी
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोहन क्षेत्री उर्फ मांचा और वीरपाल उर्फ भेड़ नशे के आदी हैं। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए दोनों सुनसान इलाकों में खड़े दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे। इसके बाद मास्टर-की की मदद से वाहन चोरी करते थे। जिन वाहनों का लॉक मास्टर-की से नहीं खुलता था, उनका लॉक तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था।
चोरी के बाद वाहन तीसरे आरोपी अरसल, जो पेशे से मैकेनिक है, को बेच दिए जाते थे। अरसल वाहनों के पार्ट्स निकालकर उन्हें कबाड़ियों को बेच देता था, ताकि पुलिस की पकड़ से बचा जा सके।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
- मोहन क्षेत्री उर्फ मांचा, निवासी हरिपुर नवादा, नेहरू कॉलोनी
- वीरपाल उर्फ भेड़, निवासी मिनी मसूरी, नवादा, नेहरू कॉलोनी
- अरसल, निवासी भगत सिंह कॉलोनी, रायपुर
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर:
- 2 मोटरसाइकिल
- 6 होंडा एक्टिवा स्कूटी
- 2 एक्टिवा स्कूटी के इंजन और अन्य कटे हुए पार्ट्स
बरामद किए हैं। बरामद सभी वाहन नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के विभिन्न मामलों से संबंधित बताए गए हैं।
पहले भी जेल जा चुका है मुख्य आरोपी
पुलिस जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी मोहन क्षेत्री के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और वाहन चोरी सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी देहरादून ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।
