इंस्टाग्राम पर हीरे का हार दिखाना पड़ा भारी, एक साल पुरानी 10 लाख की चोरी का खुलासा; घरेलू सहायिका गिरफ्तार
देहरादून:
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थाना राजपुर पुलिस ने करीब एक वर्ष पहले हुई लाखों रुपये के आभूषणों की चोरी का खुलासा करते हुए घरेलू सहायिका को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आईटी पार्क स्थित सिक्का किमाया ग्रीन निवासी श्रीमती नितिशा वत्स ने 1 जुलाई 2026 को थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के आभूषण गायब हो गए थे। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद उन्होंने गहने कहीं और रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दे दिए हैं, इसलिए चोरी का संदेह नहीं हुआ।
इंस्टाग्राम पोस्ट से खुला चोरी का राज
कुछ दिन पहले वादिनी के एक परिचित ने उन्हें बताया कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हीरे के हार के साथ फोटो पोस्ट की है। फोटो देखने पर वादिनी को लगा कि हार वही है, जो उनके घर से गायब हुआ था। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया और एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 3 जुलाई 2026 को आरोपी महिला को जोहड़ी रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
मालकिन के भरोसे का उठाया फायदा
पूछताछ में आरोपी विमला ने बताया कि वह नितिशा वत्स के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। उसे घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषणों की जानकारी थी। लालच में आकर उसने मौका मिलने पर हीरे और सोने के गहने चोरी कर लिए।
आरोपी ने बताया कि जब घर की मालकिन गहने तलाश रही थीं, तब उसने उन्हें भरोसा दिलाया कि संभवतः उन्होंने गहने कहीं और रख दिए होंगे या किसी परिचित को दे दिए होंगे। इसी वजह से लंबे समय तक किसी को उस पर शक नहीं हुआ।
10 लाख रुपये के आभूषण बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद किए:
- 1 हीरे का हार
- 1 सोने का लॉकेट
- 2 सोने की अंगूठियां
- 1 सोने का पेंडेंट
- 1 ओप्पो मोबाइल फोन
बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
एसएसपी ने की पुलिस टीम की सराहना
घटना का सफल खुलासा करने वाली राजपुर पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून ने 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी से यह भी पूछताछ की जा रही है कि क्या उसने इससे पहले भी इस प्रकार की किसी अन्य वारदात को अंजाम दिया है।
