Kanwar Mela 2026Uttrakhand

कांवड़ मेला-2026: पड़ोसी राज्यों से बेहतर समन्वय बनाएं, तैयारियां समय पर पूरी करें: सतपाल महाराज

हरिद्वार: आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जाए।

 

शुक्रवार को सीसीआर सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है। लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार कांवड़ मेला-2026 को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

 

सतपाल महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था, विश्राम स्थल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी व्यवस्थाओं का समय रहते परीक्षण (ड्राई रन) भी कराया जाए, ताकि किसी भी कमी को समय रहते दूर किया जा सके।

 

उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड की ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा और श्रद्धालुओं के सम्मान का प्रतीक होगा।

बैठक में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यातायात प्रबंधन, पार्किंग, डायवर्जन योजना और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण कर आवश्यक सुधार भी सुनिश्चित किए जाएं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कांवड़ मेले की तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए विभिन्न विभागों की प्रगति से अवगत कराया। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर और पुलिस अधीक्षक (यातायात) निशा यादव ने सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्रबंधन की प्रस्तावित कार्ययोजना प्रस्तुत की।

गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करें।

बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया और कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की।