Mussoorie Dehradun Development AuthorityUttrakhand

एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर बड़ा प्रहार, ऋषिकेश में भवन सील; राजपुर, जाखन, पुरकुल और मालसी में भी कार्रवाई तेज

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों और मानचित्र स्वीकृति नियमों के उल्लंघन के खिलाफ शुक्रवार को व्यापक अभियान चलाते हुए ऋषिकेश में एक बड़े अवैध निर्माण को सील कर दिया। वहीं देहरादून के राजपुर, जाखन, पुरकुल, डीआईटी मालसी समेत विभिन्न क्षेत्रों में निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण कर नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के तहत अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विकास प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति के होने वाले निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

 

ऋषिकेश में बिना स्वीकृति बन रही इमारत सील

एमडीडीए की टीम ने ऋषिकेश क्षेत्र के निर्मल ब्लॉक-बी, द गंगाज के निकट एक भवन का निरीक्षण किया, जहां भवन स्वामी द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्राधिकरण ने नियमानुसार भवन को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर तथा पुलिस बल मौजूद रहा।

देहरादून के कई इलाकों में चला निरीक्षण अभियान

उपाध्यक्ष के निर्देश पर संयुक्त सचिव गौरव चटवाल ने राजपुर, जाखन, पुरकुल, डीआईटी मालसी और आसपास के क्षेत्रों में निर्माणाधीन भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान स्वीकृत मानचित्रों का वास्तविक निर्माण से मिलान किया गया।

निरीक्षण के दौरान कई निर्माणकर्ताओं से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, जबकि स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए।

अभियान लगातार रहेगा जारी

एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि सुनियोजित शहरी विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अवैध कॉलोनियों, बिना स्वीकृति भवन निर्माण और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

निर्माण से पहले लें सभी आवश्यक स्वीकृतियां

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि विकास क्षेत्र में लगातार निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चलाकर अवैध निर्माणों की पहचान की जा रही है। उन्होंने भवन स्वामियों और निर्माणकर्ताओं से अपील की कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें तथा स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण कराएं।

निर्माण गतिविधियों पर रखी जा रही है लगातार नजर

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा रही है। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भवन निर्माण से पहले सभी जरूरी अनुमतियां प्राप्त करें, ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके और क्षेत्र का सुनियोजित विकास सुनिश्चित हो।