DEHRADUNUttrakhand

देहरादून में शुरू हुई क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), आपदा और स्वच्छता सेवाओं के लिए 24×7 रहेगी तैयार

देहरादून: भारत केसरी

शहर में आपातकालीन स्वच्छता सेवाओं और आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम देहरादून ने क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की शुरुआत कर दी है। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा और मेयर सौरभ थपलियाल ने QRT वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

नगर निगम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 5 QRT वाहन तैनात किए हैं। प्रत्येक वाहन में 6 प्रशिक्षित कर्मचारी और 1 सुपरवाइजर मौजूद रहेगा, जो प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं, सड़क दुर्घटनाओं, जलभराव, नालियों की आपात सफाई और विशेष स्वच्छता संबंधी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करेगा।

 

टीम को ग्रास कटिंग मशीन, बेलचा, फावड़ा, गैंती, सब्बल, कुल्हाड़ी, झाड़ी काटने के उपकरण, रस्सियां और सुरक्षा किट सहित आधुनिक संसाधनों से लैस किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत और सफाई कार्य किया जा सके।

 

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि QRT सेवा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आपदा और विशेष परिस्थितियों में नागरिकों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 

वहीं, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-4571 जारी किया गया है। किसी भी आपातकालीन स्वच्छता संबंधी समस्या या विशेष परिस्थिति में इस नंबर पर संपर्क कर QRT सेवा का लाभ लिया जा सकता है।