उत्तराखंड प्रीमियर लीग में पहली बार उतरेगी ‘मसूरी शेरू क्लासिक’, युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच
उत्तराखंड प्रीमियर लीग में पहली बार उतरेगी ‘मसूरी शेरू क्लासिक’, जुलाई में होंगे ट्रायल
देहरादून: उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) के आगामी सीजन में पहली बार मसूरी शेरू क्लासिक फ्रेंचाइजी टीम हिस्सा लेगी। शनिवार को देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में टीम प्रबंधन ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि फ्रेंचाइजी का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है।
टीम के ओनर अरुण कुमार ने बताया कि 18 सितंबर से राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, देहरादून में उत्तराखंड प्रीमियर लीग का आयोजन होगा। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले डे-नाइट प्रारूप में खेले जाएंगे और उनका सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स पर किया जाएगा।
टीम के को-ओनर एवं अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग प्रमोटर शेरू अंग्रीश ने बताया कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रदीप सांगवान टीम के मेंटर होंगे। उनके अनुभव से युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन मिलेगा। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी का लक्ष्य केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का है।

प्रबंधन के अनुसार, खिलाड़ियों के चयन के लिए जुलाई में गुरुकुल क्रिकेट अकादमी में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इन ट्रायल्स में प्रदेशभर के युवा खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। को-ओनर विकास रावत ने अधिक से अधिक युवाओं से ट्रायल में शामिल होकर अपनी प्रतिभा दिखाने की अपील की।
प्रेस वार्ता में देहरादून के पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव किरण रौतेला वर्मा भी मौजूद रहे।

