रामनगर के रिजॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 62 लोग हिरासत में; रिजॉर्ट सील
रामनगर। नैनीताल पुलिस ने रामनगर स्थित एक हाई-प्रोफाइल रिजॉर्ट में कथित देह व्यापार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 62 लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में एक नाबालिग लड़की और एक नाबालिग किशोर भी शामिल हैं। मामले में रिजॉर्ट को सील कर दिया गया है, जबकि उसका जनरल मैनेजर फरार बताया जा रहा है।
एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रिजॉर्ट में चल रही पार्टी पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पार्टी की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार का संगठित नेटवर्क संचालित किए जाने के संकेत मिले हैं।
जांच में सामने आया है कि 4 और 5 जुलाई के लिए रिजॉर्ट करीब 2.20 लाख रुपये में बुक कराया गया था। पुलिस का दावा है कि महिलाओं की व्यवस्था के लिए प्रति महिला लगभग 10 हजार रुपये तय किए गए थे। मामले में आर्थिक लेन-देन और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह भी सामने आया कि रिजॉर्ट के जनरल मैनेजर ने स्टाफ को पार्टी में आने वाले लोगों और महिलाओं का नाम रजिस्टर में दर्ज नहीं करने के निर्देश दिए थे। पुलिस इसे साक्ष्य छिपाने का प्रयास मान रही है। इसी आधार पर रिजॉर्ट को सील कर दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। मोबाइल फोन, दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा इस प्रकार की गतिविधियां पहले भी संचालित की गई थीं या नहीं।
मामले में फरार जनरल मैनेजर की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
