DEHRADUNDM DEHRADUN

सहसपुर की महिलाओं ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी, ITBP तक पहुंचा रहीं ऑर्गेनिक सब्जियां

देहरादून। सहसपुर विकासखंड की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल बन रही हैं। उद्यान विभाग एवं ग्रामोत्थान (रीप) के सहयोग से उड़ान क्लस्टर लेवल फेडरेशन की महिलाएं स्थानीय किसानों से ऑर्गेनिक सब्जियां खरीदकर सीमाद्वार स्थित आईटीबीपी तक नियमित रूप से पहुंचा रही हैं।

अप्रैल से अब तक समूह की महिलाएं पांच बार 13 क्विंटल से अधिक ऑर्गेनिक सब्जियों की आपूर्ति कर चुकी हैं। इस पहल से किसानों को बिना बिचौलियों के उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है, जबकि महिलाओं को स्वरोजगार और अतिरिक्त आय का स्थायी माध्यम प्राप्त हुआ है।

 

वर्तमान में आईटीबीपी की कुल मांग का लगभग 25 प्रतिशत हिस्सा सहसपुर की महिलाएं पूरा कर रही हैं। भविष्य में मांग बढ़ने पर विकासनगर, लांघा और डोईवाला क्षेत्रों को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा।

 

समूह द्वारा आलू, टमाटर, गोभी, बैंगन, लौकी, भिंडी, शिमला मिर्च, मशरूम, करेला, धनिया, कद्दू और खीरे जैसी ताजी ऑर्गेनिक सब्जियों की नियमित आपूर्ति की जा रही है। प्रत्येक आपूर्ति पर समूह की महिलाओं को लाभ भी प्राप्त हो रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार मजबूत हो रही है।

 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को इस मॉडल से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।