देहरादून में भव्य होगा कारगिल विजय दिवस समारोह, CM धामी करेंगे शहीदों के परिजनों का सम्मान
देहरादून: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर इस वर्ष उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 26 जुलाई को ‘शौर्य दिवस’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। गांधी पार्क में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों के परिजनों, वीरांगनाओं और शहीद माताओं को सम्मानित करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (एफआर) के.के. मिश्रा ने कलेक्ट्रेट में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
25 जुलाई से गूंजेंगे देशभक्ति के गीत
शौर्य दिवस के माहौल को और अधिक गौरवपूर्ण बनाने के लिए संस्कृति विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि 25 जुलाई की शाम 5 बजे से शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण कराया जाए। वहीं, मुख्य समारोह में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
स्कूलों में होंगी पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताएं
नई पीढ़ी को कारगिल के वीर सैनिकों के शौर्य से परिचित कराने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग को जूनियर वर्ग के लिए पेंटिंग और सीनियर वर्ग के लिए निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
शहीद परिवारों के सम्मान की विशेष व्यवस्था
सैनिक कल्याण एवं परिवहन विभाग को कारगिल शहीदों के आश्रितों, वीरांगनाओं और पूर्व सैनिकों के लिए सम्मानजनक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम गांधी पार्क और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाएगा तथा मोबाइल टॉयलेट सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
इसके अलावा सैनिक कल्याण विभाग को कार्यक्रम स्थल पर वॉटरप्रूफ टेंट, बैरिकेडिंग, वीआईपी बैठक व्यवस्था, मंच, आकर्षक सजावट और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। पुलिस और ट्रैफिक विभाग को यातायात और पार्किंग व्यवस्था का विस्तृत प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनप्रतिनिधियों को भी किया जाएगा आमंत्रित
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को राज्यसभा और लोकसभा सांसदों, क्षेत्रीय विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निगम के मेयर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों को समारोह में आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का उद्देश्य है कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सरकारी कार्यक्रम न होकर शहीदों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाला प्रेरणादायी आयोजन बने।
