नेहरू कॉलोनी चोरी कांड का खुलासा, दो गैंगस्टर चोर गिरफ्तार; विदेशी करेंसी, ज्वेलरी और नकदी बरामद
देहरादून: नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में बंद मकान में हुई नकबजनी की घटना का देहरादून पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर गैंगस्टर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई विदेशी करेंसी, ज्वेलरी, नगदी सहित अन्य सामान और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 को नेहरू कॉलोनी निवासी सीता कुकरेती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर इंडोनेशियन करेंसी, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर 6 जुलाई की रात मोथरोवाला पुल के पास सपेरा बस्ती के पीछे से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निसार अली उर्फ लोटा उर्फ मनीष (27 वर्ष) निवासी आजाद कॉलोनी, आईएसबीटी, देहरादून तथा नासिर उर्फ निन्ना (41 वर्ष) निवासी सहारनपुर (हाल निवासी आजाद कॉलोनी, देहरादून) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों दिन के समय अलग-अलग इलाकों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे और रात में मौका मिलते ही चोरी कर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इंडोनेशियन करेंसी, चांदी की पायल और बिछुए, ताबीज, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, 1,700 रुपये नकद, एक लेडीज हैंडपर्स तथा लोहे की रॉड, पेचकस, टॉर्च, चाकू, आरी, कटर और प्लास जैसे चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। इनके खिलाफ चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम समेत कई संगीन धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं और दोनों पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।
इस कार्रवाई को चौकी बाईपास प्रभारी उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
