‘भाजपा का हिंदुत्व सिर्फ सत्ता का माध्यम’, बद्रीनाथ दान मामले पर कांग्रेस का बड़ा हमला
देहरादून: बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के दान में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि भाजपा का हिंदुत्व केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम बनकर रह गया है और उसका सनातन धर्म की आस्था से कोई वास्तविक सरोकार नहीं है। 
गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान में कथित चोरी के आरोपों ने भाजपा के “हिंदुत्व मॉडल” की सच्चाई को उजागर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की धार्मिक भावनाओं के सहारे सत्ता में पहुंचने वाली भाजपा अब मंदिरों से जुड़े गंभीर मामलों पर जवाब देने से बच रही है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले अयोध्या राम मंदिर से जुड़े चंदे में कथित अनियमितताओं और केदारनाथ में कथित 230 किलो सोने के मामले को लेकर भी सवाल उठे थे, लेकिन सरकार ने इन मामलों में स्पष्ट स्थिति सार्वजनिक नहीं की। अब बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के दान से जुड़े कथित अनियमितताओं के आरोप सामने आने से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यदि मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान और संपत्ति की सुरक्षा पर सवाल उठते हैं, तो यह केवल वित्तीय अनियमितता का मामला नहीं बल्कि आस्था और विश्वास से जुड़ा विषय भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन गंभीर आरोपों पर पारदर्शी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें दबाने का प्रयास कर रही है।
गरिमा मेहरा दसौनी ने मांग की कि सरकार पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराए तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर सच्चाई जनता के सामने रखे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार निर्दोष है तो उसे जांच से पीछे नहीं हटना चाहिए।
कांग्रेस ने दावा किया कि धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा को जनता के सामने जवाब देना होगा और श्रद्धालुओं की भावनाओं से कथित विश्वासघात करने वालों को जनता माफ नहीं करेगी।
