CRIME NEWSDEHRADUN

‘ऑपरेशन प्रहार’ में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 13.80 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

देहरादून: मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत देहरादून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 46 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13.80 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी सीज कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस द्वारा क्षेत्र में चलाए जा रहे अभियान के दौरान 6 जुलाई को फव्वारा चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 46 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण उर्फ चीनू (23 वर्ष) निवासी ब्रह्मपुरी, थाना पटेल नगर, देहरादून तथा विकास (18 वर्ष) निवासी ग्राम किनौनी, जिला मुजफ्फरनगर (हाल निवासी चंद्रबनी, देहरादून) के रूप में हुई है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और बरामद स्मैक को नजीबाबाद के एक स्थानीय तस्कर से खरीदकर देहरादून लाए थे। उनका इरादा कुछ स्मैक स्वयं सेवन करने और बाकी स्थानीय नशा करने वालों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने का था। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 46 ग्राम अवैध स्मैक (अनुमानित कीमत 13.80 लाख रुपये) और तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी बरामद कर सीज कर दी है।

इस कार्रवाई को थाना नेहरू कॉलोनी की फव्वारा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। देहरादून पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ड्रग्स नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।