युवाओं के लिए बड़ा मौका: ‘RISE & ACT’ केस स्टडी प्रतियोगिता, दिल्ली में होगा राष्ट्रीय सम्मेलन
देहरादून। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री Rajiv Gandhi की 82वीं जयंती के अवसर पर Rajiv Gandhi Study Circle द्वारा, राष्ट्रीय अध्यक्ष Ashok Gehlot के नेतृत्व में तथा Rajiv Gandhi Foundation के सहयोग से राष्ट्रीय केस स्टडी प्रतियोगिता “RISE & ACT: Resilient Initiatives for Social, Environmental & Community Action” आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का विषय “हरा-भरा स्वराज: उठो और कार्य करो – स्थानीय आवाज़, सामूहिक कार्य, टिकाऊ भविष्य” रखा गया है।
राजीव गांधी स्टडी सर्किल की उत्तराखंड स्टेट स्टूडेंट सेक्रेटरी सुप्रिया धस्माना ने प्रेस वार्ता में बताया कि देशभर के स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी के विद्यार्थी इस प्रतियोगिता में निःशुल्क भाग ले सकते हैं।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को दो विकल्प दिए गए हैं। पहला, समुदाय की सहभागिता से सफलतापूर्वक हल की गई किसी पर्यावरणीय समस्या पर केस स्टडी तैयार करना। दूसरा, अनसुलझी पर्यावरणीय चुनौतियों पर समुदाय-आधारित पहलों, सरकारी नीतियों अथवा दोनों के समन्वय से समाधान प्रस्तुत करने वाला शोध-पत्र तैयार करना।
प्रतियोगिता में कुल 25 नकद पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनकी कुल राशि 1.51 लाख रुपये है। प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय 30 हजार रुपये, तृतीय 20 हजार रुपये, सात सांत्वना पुरस्कार 5-5 हजार रुपये तथा 15 सर्वश्रेष्ठ प्रश्नकर्ता पुरस्कार 1-1 हजार रुपये के होंगे।
सर्वश्रेष्ठ 20 शोध-पत्रों का चयन कर उन्हें 20 अगस्त 2026 को Jawahar Bhawan में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। चयनित शोध-पत्र प्रकाशित भी किए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और कॉन्फ्रेंस किट प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता के लिए शोध-पत्र अधिकतम 5000 शब्दों का वर्ड डॉक्यूमेंट होना चाहिए, जिसे APA-7 शैली में तैयार करना अनिवार्य है। प्लेजियरिज्म 12 प्रतिशत से कम तथा एआई उपयोग 30 प्रतिशत से कम होना आवश्यक होगा।
महत्वपूर्ण तिथियां:
-
सार (Abstract) जमा करने की अंतिम तिथि: 4 अगस्त 2026
-
पूर्ण शोध-पत्र (Full Paper) जमा करने की अंतिम तिथि: 10 अगस्त 2026
-
पंजीकरण: निःशुल्क
