पुश्ता ढहने से मचा हड़कंप, 5 मकान क्षतिग्रस्त; रात में मौके पर पहुंचे डीएम, टला बड़ा हादसा
देहरादून, 12 जुलाई। लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार देर रात देहरादून के पठरिया पीर क्षेत्र स्थित विजय कॉलोनी की नई बस्ती में एक पुश्ता अचानक भरभराकर ढह गया। पुश्ते का मलबा नीचे बने चार से पांच मकानों पर गिरने से वे क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक बुजुर्ग महिला घायल हुई, जबकि समय रहते राहत एवं बचाव अभियान चलाए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:30 बजे पुश्ता ढहने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान देर रात स्वयं घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम की सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल भी तत्काल मौके पर पहुंच गए।

राहत अभियान के दौरान मलबे में दबने की सूचना पर खोजबीन की गई। इस दौरान नई बस्ती विजय कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय विमला देवी, पत्नी स्वर्गीय बृजेश, को हल्की चोटें आईं। उन्हें तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई। प्रशासन के अनुसार, घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
एहतियात के तौर पर प्रशासन ने पुश्ते के आसपास स्थित सभी मकानों को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। प्रभावित क्षेत्र में फिलहाल किसी भी व्यक्ति के रहने पर रोक लगा दी गई है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों को क्षेत्र की लगातार निगरानी रखने, पुश्ते की तकनीकी जांच कराने और आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य विभागों की टीमें मौके पर तैनात हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
