सुबह लगाई गुहार, शाम तक मिली सिलाई मशीन: सहसपुर शिविर में दिखा धामी सरकार का त्वरित एक्शन
देहरादून:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ पहल के तहत सहसपुर में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में एक जरूरतमंद महिला की समस्या का कुछ ही घंटों में समाधान होने का मामला सामने आया। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शाम तक महिला को सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई।

शिविर के दौरान स्थानीय निवासी श्रीमती बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर बताया कि वह जूट बैग बनाकर स्वरोजगार शुरू करना चाहती हैं, लेकिन सिलाई मशीन नहीं होने के कारण अपना काम शुरू नहीं कर पा रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या सुनने के बाद मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल सिलाई मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सरकारी तंत्र सक्रिय हो गया। मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पूरे मामले की निगरानी की और यह सुनिश्चित किया कि निर्देशों का तुरंत पालन हो। परिणामस्वरूप, उसी दिन शाम तक बबली गुप्ता को सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्यमंत्री की त्वरित निर्णय प्रणाली और जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान की कार्यशैली का उदाहरण है। बंशीधर तिवारी की निगरानी में विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सहायता को शीघ्र लाभार्थी तक पहुंचाया गया।
सिलाई मशीन मिलने के बाद श्रीमती बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें स्वरोजगार शुरू करने का अवसर मिलेगा और इससे उनके परिवार की आजीविका मजबूत होगी।
