एसटीएफ की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को मिली बड़ी राहत, ₹25.40 लाख की रकम कराई वापस
देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में निवेश (Investment Trading) के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हुए एक पीड़ित को एसटीएफ की साइबर टीम ने बड़ी राहत दिलाते हुए 25 लाख 40 हजार रुपये की ठगी गई रकम वापस कराई है।
एसटीएफ के अनुसार, शिकायत मिलते ही साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक एवं अन्य एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप पीड़ित की पूरी राशि वापस कराई जा सकी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, सीवीवी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। साथ ही इन्वेस्टमेंट, धन दोगुना करने, ऑनलाइन टिकट बुकिंग या अन्य आकर्षक ऑफर के नाम पर होने वाले प्रलोभनों से सतर्क रहें।
एसटीएफ ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराकर समय रहते सहायता प्राप्त करें।
