MDDA का बुलडोजर एक्शन: 100 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, कई बहुमंजिला इमारतें सील
देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध प्लॉटिंग और नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सहसपुर, पौंधा और डालनवाला क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सहसपुर में करीब 100 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया गया, जबकि कई अवैध और मानचित्र के विपरीत बने बहुमंजिला निर्माणों को सील किया गया।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर प्राधिकरण की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाते हुए अवैध निर्माण गतिविधियों पर सख्ती दिखाई। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति के प्लॉटिंग और निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

सहसपुर में 100 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर
प्राधिकरण की टीम ने नए हाईवे के निकट जाटोवाला, सहसपुर में अभिषेक बलूनी, दीपक सैनी एवं अन्य द्वारा करीब 100 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। जांच में पाया गया कि बिना प्राधिकरण की अनुमति के भूमि का विकास कर सड़कें और अन्य संरचनाएं बनाई जा रही थीं, जिन्हें मौके पर ही तोड़ दिया गया।
डालनवाला में दो अवैध निर्माण सील
डालनवाला क्षेत्र में कोरोनेशन अस्पताल के पास अनुराधा सिंह एवं राजीव यादव द्वारा किए गए अवैध निर्माण को सील किया गया। इसी क्षेत्र में जगदीश एवं अन्य के निर्माण पर भी कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण ने सीलिंग की कार्रवाई की।
पौंधा में दो बहुमंजिला इमारतों पर कार्रवाई
फुलसैनी रोड, पौंधा में शुभम गोयल द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बनाए जा रहे दो अलग-अलग बहुमंजिला भवनों को भी MDDA की टीम ने सील कर दिया।
संपत्ति खरीदने से पहले जांच करें वैधानिक स्थिति
MDDA ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पहले स्वीकृत ले-आउट, मानचित्र और आवश्यक अनुमतियों की जांच अवश्य करें। अवैध कॉलोनियों या प्लॉटिंग में निवेश करने से भविष्य में कानूनी और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और बिना स्वीकृति के प्लॉटिंग या निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, MDDA सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और शिकायत मिलने या अवैध गतिविधि सामने आने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
