उत्तराखंड की नई खेल नीति बनाने में जनता की होगी भागीदारी, 30 जुलाई तक दें सुझाव: रेखा आर्या
देहरादून। उत्तराखंड सरकार नई खेल नीति को जनभागीदारी के आधार पर तैयार करेगी। खेल मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेशवासियों से 30 जुलाई 2026 तक सुझाव भेजने की अपील की है। खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल विशेषज्ञ, खेल संघ, अभिभावक, शिक्षक, खेल प्रेमी और आम नागरिक ऑनलाइन पोर्टल, ई-मेल या डाक के माध्यम से अपने सुझाव भेज सकते हैं।

सोमवार को विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित बैठक के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार ऐसी खेल नीति तैयार करना चाहती है, जो उत्तराखंड की आवश्यकताओं के अनुरूप हो और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करे। उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझावों का परीक्षण किया जाएगा और उपयोगी सुझावों को नई खेल नीति में शामिल करने पर विचार किया जाएगा। बेहतर और प्रभावी सुझाव भेजने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।
रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेशवासियों की सक्रिय भागीदारी से तैयार होने वाली खेल नीति उत्तराखंड में खेलों के विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से अपने सुझाव भेजने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि केवल 30 जुलाई 2026 तक प्राप्त सुझावों पर ही विचार किया जाएगा।
बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, उपनिदेशक राजेश मंमगाई और शक्ति सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ऐसे भेजें अपने सुझाव
- ऑनलाइन: www.khelouk.in/contact-us
- ई-मेल: info@khelouk.in
- डाक से:
निदेशक, खेल विभाग,
खेल निदेशालय, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर,
थानो रोड, रायपुर,
देहरादून-248008, उत्तराखंड।
अंतिम तिथि: 30 जुलाई 2026 तक प्राप्त सुझावों पर ही विचार किया जाएगा।
