Uttarakhand Pradesh Congress CommitteeUttrakhand

17 जुलाई को देहरादून में राहुल गांधी करेंगे छात्रों से संवाद, कांग्रेस ने तेज की ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां

देहरादून। कांग्रेस ने 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। इसे लेकर सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में देहरादून महानगर के वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई। इसी क्रम में हरिद्वार के वरिष्ठ नेताओं की बैठक भी हिमगिरि होटल में संपन्न हुई।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए संगठन स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि 17 जुलाई 2026 को राहुल गांधी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से सीधे संवाद करेंगे और युवा एवं छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की नीतियों का सबसे अधिक असर युवाओं पर पड़ा है। पढ़ाई और मेहनत के बावजूद रोजगार नहीं मिलने से युवा निराश हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं की समस्याओं को समझते हैं और उनकी आवाज़ बुलंद करने के लिए यह संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा और इसका संदेश प्रदेश के प्रत्येक युवा तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने युवाओं और छात्र-छात्राओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

बैठक में पूर्व मंत्री नवप्रभात, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।