तहसील चौक चौड़ीकरण परियोजना का डीएम ने किया निरीक्षण, मुआवजा प्रक्रिया में तेजी के निर्देश
देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को आढ़त बाजार–तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मुआवजा वितरण, दस्तावेजों के परीक्षण और पुनर्वास की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पारदर्शिता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप देहरादून शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित कर रहा है। परियोजना के तहत प्रभावित संपत्ति धारकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से मुआवजा उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, मुआवजा प्राप्त करने के बाद कई प्रभावित संपत्ति धारकों ने अपनी परिसंपत्तियों की रजिस्ट्री लोक निर्माण विभाग (PWD) के नाम कर दी है, जिससे परियोजना के कार्यों में तेजी आई है।

परियोजना के अंतर्गत कुल 410 संपत्तियां प्रभावित हो रही हैं। शेष संपत्तियों के दस्तावेजों का परीक्षण और आवश्यक औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। दस्तावेज सही पाए जाने पर पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जा रहा है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावितों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुआवजा और पुनर्वास की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।
प्रशासन का कहना है कि आढ़त बाजार–तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना पूरी होने के बाद देहरादून में जाम की समस्या में कमी आएगी और शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगी। पारदर्शी मुआवजा प्रक्रिया के चलते कई प्रभावितों ने स्वेच्छा से अपनी संपत्तियां खाली करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जिससे परियोजना को गति मिल रही है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
