DEHRADUN

देहरादून के प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों का होगा वैज्ञानिक कायाकल्प, NCAP के तहत नगर निगम ने तैयार किया प्रस्ताव

देहरादून: राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत नगर निगम देहरादून ने शहर के प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों के समग्र सुधार और आधुनिकीकरण का प्रस्ताव तैयार किया है। इस योजना का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाना, जाम की समस्या कम करना तथा वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण करना है।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे के निर्देशन में तैयार इस प्रस्ताव में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों का विकास वैज्ञानिक यातायात प्रबंधन के मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक यातायात सुविधाएं मिल सकें।

जंक्शनों पर मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

प्रस्ताव के अनुसार शहर के चिन्हित ट्रैफिक जंक्शनों पर कई महत्वपूर्ण सुधार किए जाएंगे। इनमें जंक्शन ज्यामिति (Junction Geometry) में सुधार, फ्री लेफ्ट टर्न, व्यवस्थित लेन निर्माण, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित फुटपाथ और ज़ेब्रा क्रॉसिंग, रिफ्यूज आइलैंड, आधुनिक ट्रैफिक साइनेज, थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टिव स्टड, क्रैश बैरियर तथा अन्य सड़क सुरक्षा उपकरण शामिल हैं।

इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल, सीसीटीवी कैमरे और एआई आधारित ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

सौंदर्यीकरण पर भी रहेगा विशेष फोकस

योजना में केवल यातायात सुधार ही नहीं, बल्कि जंक्शनों के सौंदर्यीकरण को भी प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत हरित पट्टियों का विकास, लैंडस्केपिंग, सजावटी पौधारोपण, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, सार्वजनिक कला (Public Art) और देहरादून की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाले तत्व विकसित किए जाएंगे।

वायु प्रदूषण और दुर्घटनाओं में कमी का लक्ष्य

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने कहा कि ट्रैफिक जंक्शनों का वैज्ञानिक विकास सड़क सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी, यात्रा समय की बचत, ईंधन की खपत कम करने और वायु गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के उद्देश्यों को पूरा करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

नगर निगम द्वारा तैयार इस प्रस्ताव को अब तकनीकी और प्रशासनिक स्वीकृति के लिए संबंधित सक्षम प्राधिकारी को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद निर्धारित मानकों और समयसीमा के अनुसार कार्य शुरू किए जाएंगे।

बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी डॉ. अनीता चमोला, क्षेत्राधिकारी यातायात जगदीश सी. पंत, उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह मारवाह, लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता मुश्ताक आलम तथा ललित मोहन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।