DEHRADUN

एचआईवी संक्रमित व्यक्ति का पत्नी और ससुराल पर गंभीर आरोप, कोर्ट के आदेश पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून। भारत केसरी 

 

सहसपुर निवासी एक एचआईवी संक्रमित व्यक्ति की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद प्रेमनगर थाना पुलिस ने उसकी पत्नी, ससुर और साली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला ब्लैकमेल, गोपनीय स्वास्थ्य जानकारी सार्वजनिक करने, धमकी और दस्तावेज चोरी जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ा है।

 

पीड़ित का आरोप है कि वर्ष 2019 में उसकी शादी हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। मार्च 2024 में मेडिकल जांच के दौरान उसे एचआईवी संक्रमित होने की जानकारी मिली। उसका दावा है कि पत्नी के अन्य लोगों से संबंध थे और वह नशे की आदी है। जब उसने इस संबंध में ससुराल पक्ष से शिकायत की तो, आरोप है कि उसकी एचआईवी संक्रमित होने की जानकारी रिश्तेदारों, किरायेदारों और उसके रेस्टोरेंट में आने वाले लोगों को बता दी गई।

 

पीड़ित का कहना है कि इस वजह से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और उसका रेस्टोरेंट भी बंद हो गया। उसने आरोप लगाया कि तलाक की बात करने पर साली ने 20 लाख रुपये की मांग की और अज्ञात नंबरों से धमकियां भी दिलाई गईं। साथ ही अप्रैल 2026 में पत्नी पर घर की मूल रजिस्ट्री चोरी करने का भी आरोप लगाया गया है।

Oplus_16908288

पीड़ित का कहना है कि पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने पत्नी, ससुर और साली के खिलाफ एचआईवी एवं एड्स अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।