CRIME NEWSDEHRADUN

ऑपरेशन प्रहार: दून पुलिस ने 3 नशा तस्करों को दबोचा, 6 लाख की स्मैक और कार बरामद

देहरादून। भारत केसरी

मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान और एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 20.06 ग्राम अवैध स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद की है।

विकासनगर में दो तस्कर गिरफ्तार

कोतवाली विकासनगर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान चाय बागान रोड उदियाबाग से ऑल्टो कार में सवार दिलशाद उर्फ शानू के कब्जे से 7.69 ग्राम स्मैक बरामद की। वहीं त्यागी फार्म हाउस के पास से जावेद को 5.96 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त ऑल्टो कार भी जब्त की गई।

डोईवाला में एक और तस्कर गिरफ्तार

 

उधर, कोतवाली डोईवाला पुलिस ने तेलीवाला रोड पर चेकिंग के दौरान फरीद नामक आरोपी को 6.41 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक फरीद पूर्व में चोरी के मामले में भी जेल जा चुका है।

 

दून पुलिस ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।