देहरादून में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू, 13 अगस्त तक जुड़वा सकेंगे नाम और करा सकेंगे संशोधन
देहरादून: जनपद देहरादून में विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने, संशोधन कराने या आपत्तियां दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 14 जुलाई को कर दिया गया है। अब एक माह तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि नागरिक अपने क्षेत्र के मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ERO), सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी (AERO) अथवा बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और Voter Helpline App के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।

किस कार्य के लिए कौन-सा फॉर्म?
- प्रपत्र-6: नया मतदाता बनने या नाम जोड़ने के लिए।
- प्रपत्र-7: मृतक, स्थानांतरित या अपात्र मतदाताओं का नाम हटाने के लिए।
- प्रपत्र-8: नाम, पता, फोटो या अन्य विवरण में संशोधन के लिए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने नाम की मतदाता सूची में अवश्य पुष्टि कर लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं है या किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है, तो निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से समय रहते आवेदन करें।
उन्होंने राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से भी मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उनका कहना है कि सशक्त लोकतंत्र के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान युवाओं और नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए तथा प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
