4600 ग्रेड पे की मांग को लेकर AAP का पुलिस मुख्यालय घेराव, 15 दिन में फैसला नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
देहरादून: उत्तराखंड पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे देने की मांग को लेकर मंगलवार को आम आदमी पार्टी (AAP) ने देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय का घेराव किया। पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए पुलिस कर्मियों की मांगों के समर्थन में सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान AAP कार्यकर्ता हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर पुलिस मुख्यालय पहुंचे तथा “पुलिस का मान बढ़ाओ, 4600 ग्रेड पे लागू करो” और “धामी सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाए।
उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस के जवान 24 घंटे प्रदेश की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी, आपदा प्रबंधन और चारधाम यात्रा जैसे चुनौतीपूर्ण अवसरों पर पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन सरकार ने उनकी वेतन संबंधी मांगों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया। उनका दावा था कि अन्य राज्यों में पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे का लाभ मिल रहा है, जबकि उत्तराखंड के पुलिसकर्मी इससे वंचित हैं।

AAP ने सरकार के समक्ष कई मांगें रखीं। पार्टी ने कहा कि पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे का लाभ दिया जाए, पुलिस विभाग में रिक्त 20 हजार से अधिक पदों पर छह माह के भीतर भर्ती की जाए, पुलिस लाइनों में जर्जर बैरकों और आवासों की स्थिति सुधारी जाए तथा पुलिस कर्मियों की ड्यूटी आठ घंटे निर्धारित कर ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
पार्टी के मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात अपने परिवारों से दूर रहकर कानून-व्यवस्था, वीआईपी ड्यूटी और सीमावर्ती क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं, इसलिए उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

प्रदर्शन में श्याम बाबू पांडेय, नसीर खान, हिमांशु पुंडीर, विपिन खन्ना, डी.के. पाल, अशोक सेमवाल, वी.के. बजाज, कमल राणा, हितेश कुमार शर्मा, नरेंद्र गिल, राजीव तोमर, शुभम, गीता सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। रुड़की से भी पार्टी कार्यकर्ता प्रेम सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रदर्शन के बाद AAP के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक (DGP) को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपील की। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर 4600 ग्रेड पे पर निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
