देहरादून में मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल जारी, 13 अगस्त तक दर्ज कराएं दावे-आपत्तियां
देहरादून, 15 जुलाई: आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जनपद देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरा होने के बाद मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल (प्रथम प्रारूप) सार्वजनिक कर दिया गया है। अब नागरिक 13 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या आपत्तियां दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर ड्राफ्ट रोल, सर्विस वोटर सूची, एएसडी वोटर सूची और मतदान केंद्रों की सूची की हार्ड व सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से सूची का गहन परीक्षण कर किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति की तत्काल जानकारी प्रशासन को देने की अपील की।

11.90 लाख मतदाता, 2045 मतदान केंद्र
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, देहरादून जिले में प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के मुताबिक कुल 11,90,805 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9,369 सर्विस वोटर और 10,130 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। वहीं, जिले में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 1,882 से 2,045 कर दी गई है।
13 अगस्त तक करें आवेदन
यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है या उसमें किसी प्रकार का संशोधन कराना है, तो वह 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच दावा या आपत्ति दर्ज करा सकता है। आवेदन संबंधित मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ERO), सहायक पंजीकरण अधिकारी (AERO), बीएलओ या निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भी किया जा सकता है।
निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार 11 सितंबर 2026 तक सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा, जबकि 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
बीएलए-2 नियुक्त करने की अपील
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर जल्द से जल्द बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) नियुक्त करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान की सफलता में बीएलए-2 की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार, भाजपा के 35, कांग्रेस के 103 और सीपीआईएम के 1,394 मतदान केंद्रों पर अभी भी बीएलए-2 की नियुक्ति शेष है। वहीं बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी ने अब तक किसी भी मतदान केंद्र पर बीएलए-2 नियुक्त नहीं किए हैं।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के.के. मिश्रा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
