Uttrakhand

ग्राफिक एरा की डॉ. अनुभा पुंडीर चौहान को विश्व बौद्ध महासंघ में बड़ी जिम्मेदारी, भारत महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष नियुक्त

देहरादून, 15 जुलाई: ग्राफिक एरा हिल विश्वविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनुभा पुंडीर चौहान को विश्व बौद्ध महासंघ (World Buddhist Federation) के भारत महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष (Vice President – Women’s Wing, India) नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उन्हें महिला सशक्तिकरण, शांति और मानवीय सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए प्रदान की गई है।

जानकारी के अनुसार, डॉ. चौहान को वर्ल्ड पीस इंस्टीट्यूट–संयुक्त राष्ट्र (United Nations) से इस दायित्व के लिए नियुक्त होने वाली पहली प्रतिनिधि भी माना जा रहा है।

‘भारतीय झोला वुमन’ के नाम से हैं प्रसिद्ध

डॉ. अनुभा पुंडीर चौहान “झोलाप्रेन्योर” के रूप में अपनी अलग पहचान रखती हैं और “भारतीय झोला वुमन” के नाम से भी जानी जाती हैं। उन्होंने एकल-उपयोग प्लास्टिक के विकल्प के रूप में कपड़े के झोले को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया है।

उनके इस अभियान ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भारतीय हथकरघा, स्वदेशी उत्पादों, पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत को भी प्रोत्साहित किया है।

कला और संस्कृति के माध्यम से दिया सामाजिक संदेश

डॉ. चौहान एक प्रशिक्षित शास्त्रीय कलाकार और सांस्कृतिक दूत भी हैं। उन्होंने देश और विदेश में आयोजित कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का संदेश दिया है।

महिला सशक्तिकरण और वैश्विक प्रतिनिधित्व पर रहेगा फोकस

विश्व बौद्ध महासंघ में अपने नए दायित्व के तहत डॉ. अनुभा पुंडीर चौहान महिला सशक्तिकरण, शांति, करुणा, सांस्कृतिक समरसता और मानवीय सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगी। साथ ही वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की ओर से विश्व बौद्ध महासंघ का प्रतिनिधित्व भी करेंगी।