DEHRADUNUttrakhand

उत्तराखंड में जलवायु शिक्षा को नई दिशा, एसडीसी फाउंडेशन और रैम्बोल ने शुरू किया ‘प्रोजेक्ट पहल 2.0’

उत्तराखंड में जलवायु शिक्षा और युवा नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए देहरादून स्थित सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटीज (एसडीसी) फाउंडेशन ने रैम्बोल के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट पहल 2.0 – युवा जलवायु एवं नेतृत्व कार्यक्रम’ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड में किया गया, जिसमें सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और शिक्षा विशेषज्ञों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पीएम श्री जीजीआईसी, राजपुर रोड की प्रधानाचार्य श्रीमती प्रेमलता बौड़ाई ने युवाओं में जलवायु परिवर्तन की समझ विकसित करने और उन्हें भविष्य का जिम्मेदार नेतृत्व तैयार करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

एसडीसी फाउंडेशन के सह-संस्थापक एवं जलवायु शोध विशेषज्ञ रिषभ श्रीवास्तव ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छात्रों में क्रिटिकल थिंकिंग, समस्या समाधान, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम के तहत संवाद आधारित सत्र, समूह चर्चा, प्रश्नोत्तरी, खेल और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को जलवायु परिवर्तन और सामाजिक विकास के संबंधों को समझाया जाएगा।

इस अवसर पर एसडीसी फाउंडेशन ने “Understanding Climate Education Needs for Young People in Dehradun” शीर्षक से अपनी बेसलाइन अध्ययन रिपोर्ट भी जारी की। यह अध्ययन देहरादून के विभिन्न स्कूलों के 700 से अधिक छात्रों से प्राप्त जानकारी पर आधारित है। रिपोर्ट के निष्कर्षों का उपयोग कार्यक्रम के पाठ्यक्रम, सीखने के मॉड्यूल और भविष्य की जलवायु शिक्षा योजनाओं को तैयार करने में किया जाएगा।

कार्यक्रम में पीएम श्री जीजीआईसी राजपुर रोड, सीएनआई गर्ल्स स्कूल, सोफिया हाई स्कूल, एसजीआरआर रेसकोर्स, एसजीआरआर बिंदाल, एसजीआरआर पटेल नगर, जीजीआईसी लक्खीबाग, एसजीएन दून वैली स्कूल, भवानी बालिका इंटर कॉलेज, हरबंस कपूर जीजीआईसी कौलागढ़, जीआईसी खुड़बुड़ा, संगम पब्लिक स्कूल और सनातन धर्म झंडा जी इंटर कॉलेज सहित कई विद्यालयों के छात्र एवं शिक्षक शामिल हुए।

एसडीसी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन युवाओं के वर्तमान और भविष्य दोनों को प्रभावित कर रहा है। ऐसे में प्रोजेक्ट पहल 2.0 छात्रों को केवल जानकारी ही नहीं, बल्कि पर्यावरणीय चुनौतियों का समाधान खोजने और अपने समुदायों में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल और नेतृत्व क्षमता भी प्रदान करेगा।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त मेजर राहुल जुगरान, प्रेरणा रतूड़ी, सुमति विरमानी, विदुषी डोभाल-नैथानी, प्यारे लाल, प्रवीण उप्रेती, अभिषेक भट्ट, सुभाष सहित एसडीसी फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश सेमवाल ने किया।