CRIME NEWSDEHRADUNSSP Dehradun

देहरादून: किमाड़ी खाई में मिला लापता युवक का शव, परिजनों ने प्रेमिका और उसके मंगेतर पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस बोली- जांच जारी

देहरादून: नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के 24 वर्षीय सुमित पाल का शव मसूरी-किमाड़ी मार्ग स्थित गहरी खाई से मिलने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। युवक के परिजनों ने उसकी प्रेमिका और उसके मंगेतर पर हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं हुई है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

9 जुलाई को दर्ज हुई थी गुमशुदगी

दुर्गापुरम नई बस्ती, मोथरोवाला निवासी राजेश पाल ने 9 जुलाई 2026 को थाना नेहरू कॉलोनी में अपने बेटे सुमित पाल के 8 जुलाई से लापता होने की सूचना दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी संख्या-32/2026 दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सुमित मसूरी-किमाड़ी मार्ग पर स्थित मैकेंजी हाउस एंड कैफे के पास अपनी काली पल्सर मोटरसाइकिल (UK-07-HH-0337) से जाता हुआ दिखाई दिया।

इसके बाद पुलिस ने कैफे से आगे सड़क किनारे उसकी मोटरसाइकिल बरामद की। मौके पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर गहरी खाई में सर्च अभियान चलाया गया, जहां एक युवक का शव मिला। शव की हालत काफी खराब थी। परिजनों ने उसकी पहचान सुमित पाल के रूप में की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।

 

परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप

मृतक के परिजनों का आरोप है कि सुमित का एक युवती से प्रेम संबंध था, जो पहले उसके साथ मॉल ऑफ देहरादून में काम करती थी। परिवार का दावा है कि युवती के वर्तमान मंगेतर की इस घटना में भूमिका हो सकती है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस पर शुरुआती जांच में लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया है।

 

पुलिस का पक्ष

पुलिस का कहना है कि अभी तक उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।