Uttarakhand Pradesh Congress CommitteeUttrakhand

राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान बड़ा हादसा, कांग्रेस कार्यकर्ता अमर सिंह मेहता की मौत

देहरादून। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान गुरुवार को देहरादून में बड़ा हादसा हो गया। सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बन्नू स्कूल मैदान (रेसकोर्स) में मंच तैयार करते समय लोहे का पिलर गिरने से कांग्रेस कार्यकर्ता अमर सिंह मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉ. महेश कुड़ियाल ने अमर सिंह मेहता के निधन की पुष्टि की। वह कांग्रेस के महानगर महामंत्री आलोक मेहता के पिता थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं, तभी अचानक लोहे का पिलर गिर गया, जिसकी चपेट में अमर सिंह मेहता आ गए। हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।

राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शुक्रवार, 17 जुलाई को देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में प्रस्तावित है, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों के साथ संवाद होना है। हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा इंतजामों और मंच निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि मंच और पंडाल निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।