DEHRADUN

देहरादून में धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, श्रद्धालुओं ने लगाए जय जगन्नाथ के जयकारे

देहरादून। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा गुरुवार को देहरादून के राम मंदिर, मित्रलोक कॉलोनी से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धा और उत्साह के बीच निकाली गई। भगवान को रथ पर विराजमान कराने के बाद जय जगन्नाथ के जयघोष के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश और देशवासियों को रथ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उनके विधानसभा क्षेत्र से प्रत्येक वर्ष पंडित सतपति के संयोजन में यह ऐतिहासिक रथ यात्रा निकाली जाती है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ के प्रति आस्था और श्रद्धा पूरे देश और विश्व में है तथा अब देहरादून की यह रथ यात्रा भी अपनी अलग पहचान बना चुकी है।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री खजान दास भी शामिल हुए और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने रथ यात्रा में शामिल होकर धार्मिक उल्लास और भक्ति का वातावरण बनाया।

रथ यात्रा मित्रलोक कॉलोनी स्थित राम मंदिर से शुरू होकर श्रीदेव सुमन नगर, चकराता रोड, तिलक रोड और झंडा बाजार होते हुए पुनः मित्रलोक कॉलोनी पहुंचकर संपन्न हुई।

इस अवसर पर प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य सुभाष जोशी, पिछड़ा वर्ग समिति के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, कांग्रेस पार्षद संगीता गुप्ता, पूर्व पार्षद सुमित्रा ध्यानी, कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर, पूर्व पार्षद बीना बिष्ट सहित अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पृथ्वीनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय गर्ग ने किया।