ऑपरेशन प्रहार: रायपुर में शोरूम चोरी का खुलासा, दून पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना रायपुर पुलिस ने शोरूम में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप, माउस और बड़ी मात्रा में बिजली का सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को हैवेल्स गैलेक्सी, गुरुद्वारा सहस्त्रधारा रोड निवासी मनीष गुप्ता ने थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके शोरूम से अज्ञात चोर लैपटॉप, बिजली का सामान और पानी की मोटर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश की गई और पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे अपराधियों का सत्यापन भी किया गया।
जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर 16 जुलाई 2026 को पुलिस ने सहस्त्रधारा क्षेत्र स्थित एक खाली प्लॉट के पास से घटना में शामिल दो आरोपियों को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी
- संतोष (19 वर्ष), पुत्र गणेश साहनी, निवासी ग्राम गोरा भराटी, पोस्ट सिमरी कंसी, जिला दरभंगा (बिहार)
- सरजीत (23 वर्ष), पुत्र डोमू साहनी, निवासी ग्राम केतका बरियाल, थाना मम्बी, जिला दरभंगा (बिहार)
बरामद सामान
- एक लैपटॉप व चार्जर
- एक माउस
- बिजली के तारों के 61 बंडल
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अष्टभोज बलूनी, हेड कांस्टेबल दीप प्रकाश, हेड कांस्टेबल प्रेम पवार तथा महिला कांस्टेबल स्वाति शामिल रहीं।
दून पुलिस ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
