बौख नाग धाम बना धार्मिक पर्यटन स्थल, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने की घोषणा
देहरादून। .
उत्तराखंड के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने बाबा बौखनाग की पवित्र तपोस्थली बौख (बौख नाग धाम) को धार्मिक पर्यटन स्थल घोषित कर दिया है। इस संबंध में उन्होंने पर्यटन विभाग के सचिव को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को बाबा बौखनाग धाम की डोली यात्रा के जनपद आगमन के दौरान श्री बाबा बौखनाग देव समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री सतपाल महाराज से मुलाकात कर सिलक्यारा सुरंग के ऊपर स्थित बौख टिब्बा (बौख नाग धाम) को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग की थी। मंत्री ने इस मांग पर तत्काल संज्ञान लेते हुए धाम को पर्यटन क्षेत्र में शामिल करने का निर्णय लिया।
सतपाल महाराज ने कहा कि बौख नाग धाम यमुना और गंगा घाटी के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रत्येक तीन वर्ष में “सेम नाग राजा” की तर्ज पर भव्य त्रिवार्षिक राजकीय मेले का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि यह स्थल धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए बौख नाग धाम को धार्मिक पर्यटन स्थल घोषित किया गया है। इस निर्णय से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों को भी आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
