BJP UTTRAKHANDUttrakhand

एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान: मातृ सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश, भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ का वृक्षारोपण कार्यक्रम

देहरादून। भारत केसरी

भारतीय जनता पार्टी के एनजीओ प्रकोष्ठ, उत्तराखंड के तत्वावधान में मंगलवार को एम.के.पी. कॉलेज, देहरादून में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा देहरादून महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने की, जबकि एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा विशिष्ट अतिथि रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुंदन परिहार ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल वृक्षारोपण अभियान नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का भावनात्मक संदेश है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।

 

प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा ने कहा कि “मां हमें जीवन देती हैं और पेड़ जीवन को बचाते हैं।” उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उसकी नियमित देखभाल करना भी हर नागरिक की जिम्मेदारी है। भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ इस अभियान को सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के सहयोग से जन-जन तक पहुंचाएगा।

 

भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने लोगों से पौधारोपण को जनआंदोलन बनाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर एम.के.पी. कॉलेज परिसर में पौधारोपण कर हरित उत्तराखंड और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में रेनू जैन, निधि वत्स, देव अरोड़ा, शैली अरोड़ा, सुभाष शर्मा, निशांत गुप्ता, कृष्णा, दिलबाग सिंह, आकाश गुप्ता, नेहा, सागर डंगवाल, अनमोल छेत्री, रीटा जोरावर सहित अनेक कार्यकर्ता एवं सामाजिक सहयोगी उपस्थित रहे।

 

“एक पेड़—एक संकल्प, हरित उत्तराखंड हमारा लक्ष्य” का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।कार्यक्रम की जिला संयोजक नलिनी त्रिखा तनेजा ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अपनी मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान को देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।