शेरे गढ़वाल कप्तान राम प्रसाद नौटियाल को नमन, स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों का हुआ सम्मान
देहरादून |भारत केसरी
जिला पंचायत देहरादून में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की ओर से ‘शेरे गढ़वाल’ कप्तान राम प्रसाद नौटियाल की 121वीं जयंती पर श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और महान स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री तीर्थ सिंह रावत रहे। उन्होंने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व दायित्वधारी कर्नल सी.एम. नौटियाल ने की। समारोह में विभिन्न वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भुवनेश विद्यार्थी से जुड़े संस्मरण साझा किए और उनके संघर्ष व राष्ट्रसेवा को याद किया।
इस अवसर पर सुनीता बौड़ाई (विद्यार्थी परिवार) ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों से मिलकर भावुक होने की बात कही। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, विशेष रूप से नंद किशोर नौटियाल, का आभार व्यक्त किया।

