2036 ओलंपिक मेजबानी के संकल्प के साथ कांवड़ उठाएंगी खेल मंत्री रेखा आर्या, हरिद्वार से ऋषिकेश तक 22 किमी पदयात्रा
देहरादून | भारत केसरी न्यूज
उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने वर्ष 2036 ओलंपिक की मेजबानी भारत को मिलने के संकल्प के साथ विशेष कांवड़ यात्रा निकालने की घोषणा की है। सोमवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को हरिद्वार की हर की पौड़ी से ऋषिकेश स्थित वीरभद्र मंदिर तक करीब 22 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी।

रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को खेल महाशक्ति बनाने और 2036 ओलंपिक की मेजबानी दिलाने के विजन को साकार करने के उद्देश्य से यह यात्रा आयोजित की जा रही है। वीरभद्र मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक कर भारत को ओलंपिक मेजबानी मिलने और खेलों में विश्व अग्रणी बनने का संकल्प लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत, खेल भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक होगी। उनका विश्वास है कि उत्तराखंड से उठने वाला यह संदेश देशभर के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगा।

यात्रा में संत समाज की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज तथा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र श्री रवींद्र पुरी महाराज विभिन्न चरणों में शामिल होंगे। इसके अलावा खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में आम नागरिक भी इस यात्रा का हिस्सा बनेंगे।
खेल मंत्री ने प्रदेशवासियों, खिलाड़ियों और युवाओं से 10 अगस्त को हर की पौड़ी से शुरू होने वाली इस संकल्प यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

