CRIME NEWSUttrakhand

हरिद्वार में ‘नशे का मेडिकल स्टोर’ बेनकाब! STF के छापे में 200 बोतल कोडीन सिरप बरामद, संचालक गिरफ्तार

देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF), एएनटीएफ, औषधि विभाग और ज्वालापुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हरिद्वार में एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर, फ्लैट और कार से 200 बोतल कोडीन युक्त नशीला सिरप बरामद किया गया है।

एसटीएफ को गोपनीय सूचना मिली थी कि सराय गांव स्थित वैभव मेडिकल स्टोर का संचालक आकाश छाबड़ा (23 वर्ष) अपने आवास पर अवैध रूप से कोडीन सिरप का भंडारण कर नशे के कारोबार में लिप्त है। सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी कर दो पेटियों में रखी 200 बोतल कोडीन सिरप और एक वैगनआर कार बरामद की।

 

जांच के दौरान आरोपी सिरप के खरीद, बिक्री और भंडारण से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नशा करने वालों को फुटकर में सिरप बेचकर अवैध कमाई करता था।

 

आरोपी के खिलाफ थाना ज्वालापुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसटीएफ अब इस नशीले सिरप की पूरी सप्लाई चेन और अन्य जुड़े लोगों की जांच में जुट गई है।

 

एसएसपी एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस या एसटीएफ को जानकारी दें। उन्होंने कहा कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी