SIR प्रक्रिया में फॉर्म-7 के संभावित दुरुपयोग की आशंका, कांग्रेस नेता आर्येंद्र शर्मा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
देहरादून | 5 अगस्त, 2026
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने बुधवार को देहरादून के जिलाधिकारी से मुलाकात कर विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) प्रक्रिया के दौरान फॉर्म-7 के संभावित दुरुपयोग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के बूथ लेवल एजेंट (BLA एवं BLA-2) से प्राप्त शिकायतों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि बड़ी संख्या में फॉर्म-7 के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के प्रयास किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि दावों और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी नहीं रही, तो वास्तविक मतदाताओं के संवैधानिक मताधिकार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
ज्ञापन में जिला प्रशासन और निर्वाचन अधिकारियों से मांग की गई है कि SIR प्रक्रिया के दौरान प्राप्त सभी फॉर्म-7 आवेदनों की दैनिक सूची सार्वजनिक की जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। साथ ही प्रत्येक आवेदन पर संबंधित मतदाता को विधिवत नोटिस जारी कर सुनवाई का अवसर दिया जाए तथा फील्ड वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
कांग्रेस नेता ने यह भी मांग की कि यदि किसी क्षेत्र में बड़ी संख्या में या संदिग्ध परिस्थितियों में फॉर्म-7 आवेदन प्राप्त होते हैं, तो उनकी स्वतंत्र जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता जितनी महत्वपूर्ण है, उतना ही प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना भी लोकतंत्र की मूल भावना है। उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों से आग्रह किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिसम्मत ढंग से संपन्न कराई जाए, ताकि सभी पात्र मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रह सकें।

