देहरादून में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: 6 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
देहरादून | 5 अगस्त 2026
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट और अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा तेज़ बारिश की संभावना को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने 6 अगस्त 2026 (गुरुवार) को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और आपदा जोखिम को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज़ बारिश की संभावना है, जिससे अप्रिय घटनाएं घटित हो सकती हैं। इसी के मद्देनजर कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। इसके तहत जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र 6 अगस्त को बंद रहेंगे।
प्रशासन ने नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है
