₹65 लाख की भूमि धोखाधड़ी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज बनाकर की थी ठगी
देहरादून, 6 अगस्त। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहसपुर पुलिस ने भूमि विक्रय के नाम पर 65 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में एक आरोपी को पुलिस एक दिन पहले ही जेल भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को डॉ. शैलेन्द्र तिवारी, निवासी हरबर्टपुर (विकासनगर) ने कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रजनीश सैनी, प्रियाशु सैनी, हर्षवर्धन, दीपक और अन्य लोगों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि बेचने के नाम पर उनसे 65 लाख रुपये ठग लिए। विरोध करने और पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने कोतवाली सहसपुर में मु.अ.सं. 77/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
जांच के दौरान मिले दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पहले दीपक पुत्र मदन सिंह को 5 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया था।
मामले में नामजद आरोपी रजनीश सैनी को न्यायालय से अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी वीरू की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इसी क्रम में पुलिस ने गुरुवार को मामले में प्रकाश में आए एक अन्य आरोपी दीपक पुत्र स्वर्गीय सुरेश (28 वर्ष), निवासी मेहुवाला खालसा, थाना विकासनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक पंकज कुमार, चौकी प्रभारी धर्मावाला
- अपर उपनिरीक्षक प्रेम प्रसाद कोठारी
- कांस्टेबल दिनेश चौहान
- कांस्टेबल सचिन कुमार
