CRIME NEWSDEHRADUN

कांवड़ मेले की तैयारियों का एसपी ऋषिकेश ने लिया जायजा, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

देहरादून/ऋषिकेश, 6 अगस्त। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऋषिकेश ने गुरुवार को कांवड़ मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले प्रमुख पड़ावों, पार्किंग स्थलों और गंगा घाटों का भ्रमण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ऋषिकेश ने पाली तिराहा, आईडीपीएल पार्किंग, नटराज चौक, विस्थापित पार्किंग तथा विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण करते हुए कांवड़ मेले के लिए की गई पुलिस तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा का संचालन केवल पूर्व निर्धारित रूटों पर ही कराया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कांवड़ियों के वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए। किसी भी स्थिति में मुख्य मार्गों पर वाहन पार्क नहीं होने दिए जाएं, जिससे जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।

एसपी ऋषिकेश ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, मूलभूत सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश, प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।