100 से ज्यादा लोगों ने चलाया स्वच्छता अभियान, डीएम आशीष चौहान ने दिए ये निर्देश
देहरादून, भारत केसरी
08 अगस्त 2026। लक्ष्मण चौक और कांवली रोड क्षेत्र में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्रशासन की ओर से विशेष स्वच्छता एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने भी प्रतिभाग कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अभियान में 100 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, नगर निगम, वेस्ट वॉरियर्स संस्था के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर क्षेत्र में सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
नियमित सफाई और कूड़ा निस्तारण पर जोर

डीएम डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान चिन्हित स्थानों पर सफाई के साथ-साथ कूड़ा उठान और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सिर्फ अभियान चलाकर सफाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इन क्षेत्रों में नियमित निगरानी और निरंतर स्वच्छता व्यवस्था जरूरी है।
डीएम ने शहर के अन्य क्षेत्रों में भी नियमित स्वच्छता अभियान चलाने और स्थानीय नागरिकों को इसमें शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर के लिए जनसहभागिता जरूरी है।
सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान
जिलाधिकारी ने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ इसके इस्तेमाल को हतोत्साहित किया जाना जरूरी है।
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने भी अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन और नैतिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने की अपील की।
अभियान में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी, तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव, वेस्ट वॉरियर्स संस्था से नवीन सडाना सहित जिला प्रशासन, नगर निगम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

