DM DEHRADUNUttrakhand

खेल महाकुंभ का बिगुल! 1 सितंबर से मैदान में उतरेंगे उत्तराखंड के युवा खिलाड़ी”

देहरादून, 07 अगस्त 2026। उत्तराखंड में युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को नया मंच देने के लिए ‘खेल महाकुंभ 2026-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ का आगाज 1 सितंबर से होने जा रहा है। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं को लेकर देहरादून में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित हुई, जिसमें खेल महाकुंभ की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

 

डीएम ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्षशीलता जैसे गुणों को विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने खेल महाकुंभ का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक युवाओं को प्रतियोगिताओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

 

चार चरणों में होंगी प्रतियोगिताएं

 

बैठक में बताया गया कि 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर और 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 1 अक्टूबर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।

 

प्रतियोगिताओं में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे।

 

कई खेलों में दिखेगा खिलाड़ियों का दमखम

 

खेल महाकुंभ में खो-खो, बॉक्सिंग, जूडो, ताइक्वांडो, कराटे, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और शतरंज समेत विभिन्न खेल शामिल किए गए हैं।

 

प्रतिभागियों के लिए क्यूआर कोड और ‘खेलोयूके’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा पंचायत भवन, शिक्षण संस्थानों, नगर निकायों, ब्लॉक, तहसील, जिला मुख्यालय और संबंधित विभागीय कार्यालयों में ऑफलाइन आवेदन भी जमा किए जा सकेंगे।

 

विजेताओं को मिलेगा नकद पुरस्कार

 

जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, पदक और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

 

न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए क्रमशः 300, 200 और 150 रुपये, विधानसभा स्तर पर 500, 400 और 300 रुपये, जबकि संसदीय क्षेत्र स्तर पर 800, 600 और 400 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

 

खिलाड़ियों की संख्या में लगातार इजाफा

 

खेल महाकुंभ में युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2023-24 में 12,383, 2024-25 में 34,570 और 2025-26 में 53,550 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।

 

पिछले वर्ष देहरादून ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 146 स्वर्ण, 92 रजत और 80 कांस्य सहित कुल 318 पदक हासिल किए थे और प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

 

जिलाधिकारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायतीराज, खेल, पेयजल, विद्युत, सूचना, पुलिस और पीआरडी विभाग को आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की प्रगति का विश्लेषण कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर भी जोर दिया।

 

बैठक में विधायक उमेश शर्मा (काऊ), ऋषिकेश नगर निगम के मेयर शंभू पासवान, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सभी उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे