DEHRADUNNupur Dance Academy Dehradun

नूपुर डांस अकादमी ने धूमधाम से मनाया तीजोत्सव-2026, नृत्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां

देहरादून।

भारत केसरी

श्रावण मास में मनाए जाने वाले हरियाली तीज पर्व के अवसर पर नूपुर डांस अकादमी एवं अमर शहीद रघुनंदन शर्मा मेमोरियल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में तीजोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं ने विभिन्न नृत्य विधाओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और कला का शानदार प्रदर्शन किया..

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. गीता खन्ना, अध्यक्षा, बाल संरक्षण आयोग, उत्तराखंड, विशिष्ट अतिथि प्रख्यात कवयित्री श्रीमती महिमा श्री, निर्णायक एवं सुविख्यात नृत्यांगना श्रीमती अर्चना सिंघल, नूपुर डांस अकादमी की निदेशक एवं अमर शहीद रघुनंदन शर्मा मेमोरियल फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्षा एडवोकेट नूपुर शर्मा गुप्ता तथा संस्था के राष्ट्रीय सचिव इंजीनियर आराध्य कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद संस्था की कार्यकारिणी द्वारा राष्ट्रभक्ति गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया।

 

कार्यक्रम के प्रारंभ में इंजीनियर आराध्य कुमार ने नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली बालिकाओं को प्रतियोगिता के नियमों एवं मूल्यांकन के आधार की जानकारी दी।

मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां

सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिक्षाविद् श्रीमती कल्पना जोशी ने ‘आई बरखा बहार’ गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी। इसके बाद एकता गुप्ता ने ‘शहरी बाबू दिल लहरी बाबू’ और सविता गुप्ता ने ‘कारे कारे बादरा मेरी अटरिया’ पर भावपूर्ण प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

नूपुर डांस अकादमी की निदेशक एडवोकेट नूपुर शर्मा गुप्ता ने चार अलग-अलग नृत्य विधाओं का शानदार समन्वय प्रस्तुत किया। उन्होंने शास्त्रीय नृत्य, बॉलीवुड, हरियाणवी और पंजाबी शैली में क्रमशः ‘ठाडे रहियो ओ बाँके यार रे’, ‘जा रे जा ओ हरजाई’, ‘मेरा बालम थानेदार’ तथा ‘काली तेरी चोटी है’ पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

 

इसके अलावा स्वाति सिंह ने फ्यूजन नृत्य ‘झुमका गिरा रे’, सीता देवी ने गढ़वाली गीत ‘कांची रे’, मोनिका अग्रवाल ने राजस्थानी लोकगीत ‘मेरो बोरलो’, अंजलि गुप्ता ने ‘चूड़ी मजा ना देगी’, सरिता रानी ने ‘तेरी दो टकिया दी नौकरी’ तथा श्रद्धा थपलियाल ने ‘हाय हाय ये मजबूरी’ पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया।

संदेशे आते हैं’ गीत पर एडवोकेट नूपुर शर्मा गुप्ता, सविता गुप्ता, मंजेश कुमारी, स्वाति सिंह, नम्रता सिमरिया एवं मोनिका अग्रवाल की सामूहिक प्रस्तुति को भी दर्शकों ने खूब सराहा।

बालिकाओं ने भी दिखाया हुनर

 

कार्यक्रम के दूसरे चरण में बालिकाओं की नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें ईशवी वर्मा ने ‘जिसे देश से है प्यार’ गीत पर भरतनाट्यम फ्यूजन, रितिक ने ‘देश रंगीला’, प्रिया ने ‘मोरनी बागा मा’, मेधावी ने ‘चुनरी जयपुर ते मंगवाई’ तथा मानवी मेहरा ने ‘नग बडिया’ पर उत्कृष्ट नृत्य प्रस्तुत किया।

इसके बाद ख्याति नौटियाल ने भरतनाट्यम शैली में ‘भैरवी अष्टकम’ पर प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके पश्चात अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसे पांच चरणों में संपन्न कराया गया।

तीज पर्व प्रेम, संस्कार और पारिवारिक सौहार्द का प्रतीक”

इस अवसर पर संस्था की निदेशक एडवोकेट नूपुर शर्मा गुप्ता ने सभी को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सावन में मनाया जाने वाला तीज पर्व भारतीय संस्कृति में निहित हर्ष, उल्लास और पारिवारिक सौहार्द का प्रतीक है। नूपुर डांस अकादमी पिछले 18 वर्षों से इस परंपरा का निर्वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था तीजोत्सव को संयुक्त परिवार की भावना के साथ मनाने में विश्वास रखती है, जिससे महिलाओं को अपनी कला और प्रतिभा की अभिव्यक्ति का सम्मानित मंच तथा बालिकाओं को आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर मिलता है।

 

उन्होंने सभी से वृक्षारोपण, पौधों के संरक्षण तथा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्षा जल का उपयोग बागवानी, सफाई एवं अन्य दैनिक कार्यों में कर पेयजल का संरक्षण किया जा सकता है।

 

मुख्य अतिथि डॉ. गीता खन्ना ने कहा कि त्योहार परिवारों को जोड़ने के साथ ही जीवन में मधुर स्मृतियां भी निर्मित करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे भी पौधों की तरह कोमल और संवेदनशील होते हैं। यदि उन्हें प्रेम, संस्कार, संरक्षण और प्रोत्साहन दिया जाए तो वे स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

 

निर्णायक श्रीमती अर्चना सिंघल ने सभी प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभागियों ने बेहद मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान का चयन नृत्य-कला, भावाभिव्यक्ति, वेशभूषा और मंच-प्रस्तुति के आधार पर किया गया।

 

प्रतिभागियों और अतिथियों का सम्मान

 

प्रतियोगिता के विजेताओं को स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं निर्णायक को संस्था की ओर से पटका, मोतियों की माला, तुलसी का पौधा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के राष्ट्रीय सचिव इंजीनियर आराध्य कुमार ने किया। कार्यक्रम में मंजेश कुमारी, बाला गोयल, श्रद्धा थपलियाल, साधना सिंह, नम्रता सिमरिया, मधु शर्मा, ट्विंकल भारद्वाज, नीलम्माल, शिप्रा नरगास, राखी वर्मा, अंश वर्मा, प्रभा गुप्ता, भक्ति कपूर, रक्षा लांबा, अनिल कुमार गुप्ता, श्री राम अचल निषाद, दीपांशु शाह, दीपचंद पवार, अमीर सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

 

संस्था की कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती मंजेश कुमारी ने सभी अतिथियों एवं पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।