जन्मदिन पर दोस्ती के साथ सेवा की मिसाल, कांवड़ यात्रियों के लिए लगाया नि:शुल्क मेडिकल कैंप
रुड़की/हरिद्वार।
भारत केसरी
सावन के पावन महीने में हर तरफ गूंज रहे हर-हर महादेव के जयकारों के बीच शिवभक्तों की सेवा का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। डॉ. सत्यम चौरसिया और उनकी टीम ने अपने मित्र डॉ. आयुष राज के जन्मदिन को खास अंदाज में मनाते हुए कांवड़ यात्रियों और भोले भक्तों के लिए नि:शुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन कराया।

कांवड़ यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु लंबी दूरी पैदल तय करते हैं। लगातार पैदल चलने से कई श्रद्धालुओं को पैरों में दर्द, थकान, कमजोरी, चक्कर, चोट और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मेडिकल कैंप के जरिए यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक चिकित्सा और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।
कैंप में शिवभक्तों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना गया और जरूरत के अनुसार नि:शुल्क प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय सलाह दी गई। सेवा में जुटी टीम ने कांवड़ यात्रियों की हरसंभव मदद करने का प्रयास किया।
डॉ. सत्यम चौरसिया ने कहा कि दोस्त के जन्मदिन को यादगार बनाने का इससे बेहतर तरीका और क्या हो सकता है कि किसी जरूरतमंद की मदद की जाए और भगवान भोलेनाथ के भक्तों की सेवा की जाए।
इस पहल ने दोस्ती, मानवता और सेवा भावना की मिसाल पेश की। मेडिकल कैंप में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भी इस प्रयास की सराहना की। लोगों का कहना था कि युवाओं द्वारा इस तरह सेवा कार्यों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

