स्वतंत्रता दिवस पर डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण , बोले- आजादी की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी
देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देश की स्वतंत्रता, एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपदवासियों और कलेक्ट्रेट परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश को आजादी बहुत बड़ी कुर्बानियों के बाद मिली है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हजारों देशवासियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में अपने दायित्वों का निर्वहन कर पा रहे हैं।
डीएम ने कहा कि स्वतंत्रता को बनाए रखना तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हम सभी की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
जनसेवा को बताया शासकीय सेवा का प्रमुख उद्देश्य
जिलाधिकारी ने कहा कि शासकीय सेवा का मूल उद्देश्य आमजन की सेवा और जनहित में कार्य करना है। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करते हुए सरकार की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में अपनी प्रभावी भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पुनः स्मरण करने का अवसर देता है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
डीएम ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यक्षेत्र में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करना ही स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
राष्ट्रहित में कार्य करने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया और राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी जिलाधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी, कलेक्ट्रेट प्रेस के कार्मिक तथा जिला सूचना कार्यालय के कार्मिक मौजूद रहे। 
