CM UTTRAKHANDDEHRADUNDM DEHRADUN

परेड ग्राउंड में सीएम धामी ने फहराया तिरंगा, सात बड़ी घोषणाओं से विकास को नई दिशा देने का संकल्प

देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण किया। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन हुआ। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। 

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया और फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर 14 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया। वहीं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

अमर बलिदानियों और सैनिकों को किया नमन

मुख्यमंत्री धामी ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, वीर बलिदानियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस के जवानों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी।

हाल में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आई प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और राहत, बचाव, उपचार तथा क्षतिग्रस्त सड़क, पुल, पेयजल और विद्युत व्यवस्था को जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

2047 तक विकसित भारत और 2035 तक विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 देश की स्वतंत्रता के 80वें वर्ष का वर्ष है। इसी वर्ष राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ, संत रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती और गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी वर्ष भी मनाया जा रहा है। उन्होंने विभाजन विभीषिका के दौरान पीड़ा झेलने वाले लोगों को भी श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। देश इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष, रक्षा उत्पादन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, विज्ञान, अनुसंधान, स्टार्टअप और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प रखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को वर्ष 2035 तक विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सड़क, रेल और रोपवे कनेक्टिविटी के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और विभिन्न रोपवे परियोजनाओं के साथ जमरानी, लखवाड़, किशाऊ एवं सौंग बांध परियोजनाओं पर भी काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पर्यटन, रोजगार और खेल पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ-बदरीनाथ पुनर्निर्माण, केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, ऋषिकेश-हरिद्वार कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर, हरिपुर यमुना तीर्थ पुनर्विकास और शीतकालीन यात्रा जैसी पहलें राज्य की आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के साथ पर्यटन और अर्थव्यवस्था को गति दे रही हैं। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 47 लाख के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर चुकी है, जबकि कांवड़ मेले में 4 करोड़ से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए।

युवाओं को रोजगार देने वाला बनाने के लिए स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने, इन्क्यूबेशन सेंटर और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया। वहीं ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, होम-स्टे योजना और मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के जरिए स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की बात कही।

शिक्षा और खेल के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ के तहत सरकारी विद्यालयों की कक्षा 11वीं और 12वीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। पहले चरण में 10 हजार विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। खेल क्षेत्र में 38वें राष्ट्रीय खेलों के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीते। स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान के तहत 8 शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी।

महिला, किसान और नवाचार पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखपति दीदी योजना के तहत प्रदेश की 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण, किसानों को 3 लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण और कृषि उपकरणों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी के निर्माण और विज्ञान एवं नवाचार से जुड़ी विभिन्न पहलों की भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के विभिन्न नीतिगत फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए ऐसा उत्तराखंड बनाने का संकल्प व्यक्त किया, जहां विकास के साथ विरासत, रोजगार के साथ पलायन का समाधान और आधुनिकता के साथ संस्कृति एवं पहचान को मजबूती मिले।

स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री की सात बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

  1. चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।
  2. प्रदेश के प्रथम ‘युवा आयोग’ की स्थापना की जाएगी।
  3. सीमावर्ती गांवों के युवाओं, भूतपूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए अतिरिक्त सहायता और प्रोत्साहन दिया जाएगा।
  4. वर्ग-3 एवं वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।
  5. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्यांश 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।
  6. 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू की जाएगी। आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों के सहयोग से निशुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।
  7. प्रदेश के बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इस वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों का विश्वास सरकार के लिए केवल राजनीतिक समर्थन नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ इस दिशा में कार्य करती रहेगी।

समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल समेत शासन-प्रशासन के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।