DEHRADUNSSP Dehradun

देहरादून पुलिस का तगड़ा एक्शन! सीमाओं से लेकर रेलवे स्टेशन तक सघन चेकिंग, संदिग्धों पर पैनी नजर

देहरादून। आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए दून पुलिस ने पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस टीमें लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही हैं।

अभियान के तहत जनपद की सीमावर्ती चेक पोस्टों के साथ-साथ आंतरिक मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। चेकिंग के दौरान संदिग्ध रूप से घूमते पाए जाने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान एवं सत्यापन संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है।

रेलवे और बस स्टेशनों पर विशेष निगरानी

सुरक्षा के मद्देनजर दून पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इन संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की ओर से प्रभावी गश्त के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

पुलिस टीमें इन स्थानों पर डॉग स्क्वाड और बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) के साथ आकस्मिक चेकिंग कर रही हैं। इस दौरान संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों की बारीकी से जांच की जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ की जा रही है।

सीमाओं पर भी बढ़ाई गई सतर्कता

दून पुलिस द्वारा जनपद में प्रवेश करने वाले बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सीमावर्ती चेक पोस्टों पर तैनात पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की प्रभावी जांच के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए चेकिंग और गश्त अभियान लगातार जारी रहेगा।